टैक्सी पार्किंग के लिए नए बस स्टैंड के समीप हो जगह का चयन
टैक्सी चालकों ने उपायुक्त चंबा को सौंपा ज्ञापन
कहा, टैक्सी पार्किंग न होने के कारण हो रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। शीतला ब्रिज के पास टैक्सियों के लिए चयनित की गई जगह पर एनएच मंडल चंबा की ओर से रेत-बजरी के ढेर लगा दिए गए हैं। नतीजतन, टैक्सी चालकों को मजबूरन सड़क किनारे ही अपनी टैक्सियां खड़ी करनी पड़ रही हैं। ऐसे में टैक्सी चालकों ने जिलाधीश चंबा से नए बस स्टैंड के समीप टैक्सियों के लिए पार्किंग निर्धारित करने की मांग उठाई है। शनिवार को इस संदर्भ में चालकों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त हरिकेश मीणा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल मनजीत कुमार, नीरज सिंह, पिंकू कुमार, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार, कुशल महाजन, बंटू, जिंदू, गिनी, तिलक राज, संजीव कुमार और अरुण कुमार ने कहा कि न्यू बस स्टैंड में टैक्सी चालकों के लिए जगह निर्धारित की गई है, लेकिन वहां अब एनएच प्रबंधन की ओर से रेत और बजरी के ढेर लगाए गए हैं। ऐसे में उन्हें गाड़ी पार्क करने के लिए जगह नसीब नहीं हो रही हैै। प्रतिनिधिमंडल में शामिल टैक्सी चालकों ने बताया कि वे टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। टैक्सी के लिए पार्किंग निर्धारित न होने के कारण यातायात पुलिस की ओर से उनके चालान काटे जाते हैं। इस कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है न्यू बस स्टैंड की दीवार के साथ टैक्सी स्टैंड का स्थान चिह्नित किया जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत पेश न आए।