चंबा। बिजली बोर्ड ने लंबित बिल नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब कड़ा रुख अपना लिया है। विद्युत उपमंडल-एक अधीन आने वाले 2,000 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी होने के बाद वीरवार तक 700 लोगों के बिजली के कनेक्शन कट चुके हैं।
अन्य उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के लिए बोर्ड के कर्मचारी रोजाना फील्ड में जा रहे हैं। इन उपभोक्ताओं से बोर्ड की बिल के रूप में 42 लाख रुपये की लेनदारी है। जिसे जमा करवाने में ये उपभोक्ता आनाकानी कर रहे हैं। अब इन सभी के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर कट जाएंगे।
इसके बाद उन्हें दोबारा कनेक्शन लेने के लिए लंबित बिल तो जमा करवाना होगा। साथ में 250 रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी जमा करवाना होगा। अन्यथा उन्हें बिना बिजली रहना पड़ सकता है।
50 उपभोक्ताओं के कनेक्शन स्थायी रूप से कटे
50 डिफॉल्टर उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने छह महीने से बिल जमा नहीं करवाया है। उन्हें नोटिस भी दिए गए, लेकिन उसका भी कोई जवाब नहीं दिया। इसके चलते बोर्ड ने उनके कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिए हैं। अब उन्हें कनेक्शन जोड़ने के लिए दोबारा से सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। साथ में लंबित बिल भी जमा करवाना होगा।
सभी उपमंडलों में डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिल का भुगतान करें और इस परेशानी से बचे रहें। परवेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता, बिजली बोर्ड चंबा