अमर उजाला ब्यूरो
किहार (चंबा)। किहार सेक्टर के तहत किलोड़ पंचायत के 12 गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को चार दिनों से बर्फ पिघलाकर पीने के पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। चमडेउ नाले में हिमखंड गिरने से पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से ऐसी नौबत आई है। पानी की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीण बर्फ पिघलाकर पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की मानें तो अपने और मवेशियों के लिए भी पानी बर्फ पिघलाकर ही प्रयोग में लाना पड़ रहा है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के आलाधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर उक्त समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
गौरतलब हो कि जिले मेें भारी बर्फबारी के बाद से लेकर अब तक हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण किलोड़ पंचायत के अधीन आने वाले गांव तलाई, जखराल प्रथम, द्वितीय, पडी प्रथम, द्वितीय और तृतीय, बंजली गांव है। उक्त गांवों में चार दिनों से पेयजल की आपूर्ति बंद पड़ी है। ग्रामीण उत्तम चंद, चमारू राम, बजीरू राम, रमेश कुमार, प्रहलाद, मंजू बाला, रेखा देवी, गौरखी देवी, चमेली और ममता देवी ने बताया कि चार दिनों से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों को घरों की छत्तों से बर्फ बर्तनों में भरकर लानी पड़ रही है। इसके बाद चूल्हे पर बर्फ पिघलाकर इसे पीने के लिए प्रयोग में लाना पड़ रहा है। आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि उन्हें इस बारे में शिकायत मिली है। विभागीय टीम को मौके पर रवाना किया गया है। जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। आलम, यह है कि क्षेत्र में बर्फबारी के बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं।