चंबा। जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 56,161 पात्रों को वित्त वर्ष में 94.74 करोड़ की धनराशि से सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध करवाई गई। यह बात विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने जिला कल्याण समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जारी वित्त वर्ष के अंतर्गत जिले के 56,678 पेंशनधारकों को अक्तूबर से मार्च 2026 तक 51.2 करोड़ की धनराशि को अनुमोदित किया। इस दौरान 1,446 नए पेंशन मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लंबित 336 नए मामलों का भी अनुमोदन किया।
उन्हाेंने बताया कि दिव्यांग विवाह अनुदान योजना के तहत एक लाख की धनराशि और अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत 14 लाख रुपये दिए हैं। वहीं, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत नौ लाख और स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में आवंटित बजट के अनुरूप 50 लाख रुपये की धनराशि को भी व्यय करने की स्वीकृति प्रदान की गई।
जिले में 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 45,053 पेंशन धारकों को सामाजिक सेवा सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जा रहा है। बैठक में अनुवर्ती कार्यक्रम योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना सहित विभिन्न मामलों पर विस्तृत समीक्षा की गई।