चंबा। जिले में द्वितीय चरण के अंतर्गत 12 से 27 नवंबर तक सघन डायरिया-निमोनिया नियंत्रण पखवाड़े का आयोजन होगा। इसमें पांच वर्ष तक की आयु के 53,295 बच्चों को ओआरएस और जिंक की दवा वितरित की जाएगी। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने पखवाड़े के सफल क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार कार्य योजना की विस्तृत समीक्षा की। साथ की महिला एवं बाल विकास विभाग, कल्याण विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों तथा स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी कार्यान्वयन और निगरानी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकें।
उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पखवाड़े के दौरान प्रवासी बस्तियों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए। डायरिया और इससे संबंधित बीमारियों के कारण गत एक वर्ष के दौरान जिले में हुई बच्चों की मृत्यु से संबंधित विस्तृत जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करवाने के लिए निर्देशित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने बैठक में अवगत किया कि सघन डायरिया-निमोनिया नियंत्रण पखवाड़ा के अंतर्गत जिला के सभी स्वास्थ्य खंडों में आवश्यक दवाइयां और जागरूकता सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित बनाई जा चुकी है।