नगर परिषद चंबा के 11 वार्डाें में नोटा को भी मिलते रहे मत
जुलाहकड़ी में सबसे ज्यादा दस मतदाताओं ने किया प्रयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद चंबा के चुनावों में इस बार 52 लोगों ने नोटा का बटन दबाया है। इन मतदाताओं को चुनावों में खड़े उम्मीदवार रास नहीं आए हैं।
लिहाजा, किसी प्रत्याशी को वोट करने के बजाय उन्होंने नोटा का विकल्प चुना। सुल्तानपुर में चार, कसाकड़ा में एक, चौगान में नौ, हटनाला छह, जनसाली में पांच, चौंतड़ा तीन, सुराड़ा में छह, सपड़ी में दो, धड़ोग में दो, जुलाहकड़ी में दस और हरदासपुरा में चार मतदाताओं ने नोटा दबाया है। सबसे ज्यादा नोटा का प्रयोग जुलाहकड़ी वार्ड में हुआ है। हटनाला और सुराड़ा में छह-छह मतदाताओं की पहली पसंद नोटा बना।
गौरतलब है कि ईवीएम में चुनाव आयोग की ओर से मतदाताओं के लिए नोटा की व्यवस्था की है। यह बटन उन मतदाताओं के लिए है जिन्हें कोई भी चुनावी प्रत्याशी पसंद नहीं है। लिहाजा, इससे नोटा का बटन मतदाता दबा सकते हैं। इससे वोट प्रतिशत बराबर रहेगी। सिर्फ किसी प्रत्याशी के खाते में यह वोट नहीं जाएगा, बल्कि नोटा को यह वोट मिलेगा। गत दिनों चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई। शाम तक परिणाम भी घोषित हो गए।