अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। सलूणी क्षेत्र की तीन पंचायतों के लिए बनने वाली सड़क का कार्य दो सालों में डेढ़ किमी से आगे नहीं बढ़ पाया है। ठेकेदार मनमर्जी से कछुआ गति से कार्य कर रहा है। मगर संबंधित विभाग ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसका खामियाजा तीन पंचायतों में रहने वाली तीन हजार आबादी को उठाना पड़ रहा है। क्षेत्र में सड़क न होने से ग्रामीणों को पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी तब पेश आती है, जब गांव में कोई बीमार होता है। बीमार व्यक्ति को गांववासियों केे पालकी और पीठ पर उठाकर आठ किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। जहां से उसे निजी वाहन या एंबुुलेंस के जरिये स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाता है। कई गंभीर बीमार मरीज समय पर स्वास्थ्य केंद्र न पहुंच पाने के कारण बीच रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं।
सियुला प्रधान राकेश कुमार, खरल के माधो राम, दरेकड़ी पूर्व प्रधान मदन कुमार, ग्रामीण राजेश कुमार, संजीव कुमार और नरेेश कुमार ने बताया कि सड़क के बनने से ग्राम पंचायत सियुला, खरल और सालवां के लोगों के फायदा होगा। तीन वर्ष पहले सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। मगर अभी तक मात्र डेढ़ किमी तक ही सड़क बन पाई है। लोगों ने बताया कि ठेकेेदार मनमर्जी से काम कर रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोनिवि से मांग की कि समय पर सड़क का कार्य पूरा न करने वाले ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और सड़क का कार्य शीघ्र पूरा करवाया जाए।
इनसेट
ठेकेदार को कार्य पूरा करवाने के दिए जाएंगे निर्देश : सरवण कुमार
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता सरवण कुमार ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। जल्द ही सड़क का मुआयना करके ठेकेदार को कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए जाएंगे।