गैहरा-पियूहरा सड़क पर चलाई जाए सरकारी बस
दो साल पहले बंद हुई बस सेवा दोबारा नहीं हो पाई बहाल, लोग झेल रहे परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। गैहरा-पियूहरा सड़क पर लोगों ने सरकारी बस चलाने की मांग की है। लोगों ने बताया कि दो साल पहले चंबा से छतराड़ी जाने वाली बस वाया पियूहरा होकर जाती थी। मगर मौजूदा समय में वाया पियूहरा होकर नहीं जा रही है। पिछले दो सालों से पियूहरा सड़क पर कोई भी सरकारी बस नहीं जा रही है। इसके कारण लोगों को पैदल ही अपना सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग कई बार संबंधित विभाग और वन मंत्री से पियूहरा के लिए बस चलाने की मांग कर चुके हैं। मगर अभी तक लोगों की मांग को पूरा नहीं किया गया है। स्थानीय निवासी अंबिया राम, देशराज, ओम प्रकाश, जयचंद, प्रभजोत, देवी लाल, प्रकाश चंद, नवीन कुमार और प्यार सिंह ने बताया कि गैहरा-पियूहरा सड़क पर पिछले दो सालों से बस सेवा बंद पड़ी है। इस वजह से लोगों को मजबूरी में कई किमी का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। कई बार लोगों को टैक्सी का किराया खर्च करके जाना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि गैहरा-पियूहरा सड़क पर जल्द से जल्द बस सेवा शुरू करवाई जाए।