चंबा। जिले में मंगलवार देर रात से निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है तो वहीं ऊंची चोटियों में हिमपात दर्ज किया गया है। लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह हुए भूस्खलन से कई मार्ग बाधित हो गए हैं।
इस वजह से लोनिवि को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मंगलवार और बुधवार को भरमौर, पांगी, किहार, तीसा की ऊपरी चोटियों में हिमपात हुआ है। वहीं, लोनिवि के अधिकारियों को मार्गो के बाधित होने की सूचना मिलने के उपरांत प्राथमिकता के आधार पर सुबह साढ़े नौ बजे तक मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया। जिले में बारिश होने से किसानों-बागवानों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
बारिश होने अब किसानों को गेहूं की फसल अच्छी होने की उम्मीद है। बागवान जहां हल्के हिमपात को सेब की फसल के लिए आवश्यक मान रहे हैं। जिले के भरमौर, पांगी, किहार, तीसा की ऊपरी चोटियों में हल्का हिमपात हुआ है।
जनजातीय क्षेत्र पांगी के चस्क भटोरी, हुडन भटोरी,सुराल भटोरी, किलाड़, पूर्थी, मिंधल में दो से चार इंच बर्फबारी हुई है। इससे अब ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। किसानो ं-बागवानों में होशियारा राम, प्रताप चंद, केसर सिंह, योगराज, किशन चंद, प्रताप चंद, अंबिया राम का कहना है कि बारिश होने से अब गेंहू की अच्छी फसल होने की उन्हें उम्मीद जगी है।
भूस्खलन से यह मार्ग हुए बाधित
मंगलवार देर रात से होने वाली बारिश के चलते आधा दर्जन मार्गों चंबा-साहो, चंबा-सिल्लाघ्राट, चंबा-जोत, चंबा- कोल्हड़ी, चंबा-जांघी-लिल्ह, चंबा-सराहण पर जगह-जगह भूस्खलन होने से यातायात बाधित हुआ था। इसके अलावा चंबा-भरमौर मार्ग, बैरागढ़-सुकरेली मार्ग भी कुछ देरी के लिए बाधित रहा। मार्गों के बाधित होने की सूचना मिलने के उपरांत सुबह साढ़े नौ बजे तक मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु कर दिया गया।
कोट्स
उद्यान विभाग के उपनिदेशक कृष्ण शर्मा ने बताया कि बारिश होना फलदार पौधों के लिए लाभकारी है। बारिश के साथ तूफान और ओले पड़ते तो इससे फलदार पौधों को नुकसान पहुंच सकता था।
कृषि विभाग के उपनिदेशक धर्म चंद ने बताया कि वर्तमान समय में गेहूं की फसल में दाना बन रहा है। ऐसे में भरपूर मात्रा में बारिश होने से आने वाले दिनों में गेहूं के अच्छे दाने अंकुरित होने की उम्मीद बढ़ी है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बारिश से चंबा मंडल के तहत आधा दर्जन रूट बाधित हुए थे। इन्हें सूचना मिलने के उपरांत चंद घंटों के भीतर ही यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया है। जिले में होने वाली बारिश से जगह-जगह होने से भूस्खलन से विभाग को करीबन बीस लाख का नुकसान हुआ है।