चंबा। जिले में कोरोना से राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को भी चंबा में 51 कोरोना के नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को होम आइसालेट कर दिया है। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा अब 419 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रैट के माध्यम से 313 सैंपलों की जांच की गई। इनमें 50 सैंपल पॉजिटिव निकले। इसके अलावा आरटीपीसीआर में जांचे गए 54 सैंपलों में से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव रही।
नए मामले दरूला, समोट, छांब, बनेट, हुंजड़, टाटरू, डाढू, सिंबलघट्टा, चुवाड़ी, बड़ोह, भराड़ी, होली, मलकोता, गरोला, रेहला, बड़ेई, खणी, जियुणा, दखवाड़, लिलेरा गड़ेसर, चिल्ली, मंसा, लमाघांघ, चुमरा, देवरोग, सुलाना, बाड़ी आदि से संबंधित हैं। शनिवार को 40 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि करीब दो सप्ताह से जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रशासन ने भी इसके बारे में एडवाइजरी जारी की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से आह्वान किया है कि वे नियमों की पालना करें।