पांगी के साच पास पर ताजा बर्फबारी के बीच खड़ी गाड़ी और यात्री। संवाद
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। साच पास मार्ग छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खुलने से जहां पांगीवासियों को राहत दे रहा है वहीं बीच-बीच में होने वाली बारिश और हल्की बर्फबारी वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रही है। साच दर्रे के बगोटू में सोमवार दोपहर बाद बर्फबारी के बीच पांच टैक्सी वाहन फंस गए। टैक्सियों में 50 लोग सवार थे। सड़क पर गिरी बर्फ के कारण गाड़ियां फिसलने लगीं और आगे नहीं बढ़ पाईं।
जानकारी के मुताबिक चंबा से टैक्सियों में पांगी के लिए निकले 50 लोग सोमवार दोपहर बाद किलाड़ से 35 किमी पीछे बगोटू पहुंचने पर बर्फबारी में फंस गए। बर्फ में गाड़ियों के टायर फिसलने लगे। ऐसे में चालकों ने रिस्क न लेते हुए आगे न बढ़ने की बात कही। अधर में फंसे यात्रियों के लिए दोपहर बाद 3:00 तीन बजे लोनिवि की टीम फरिश्ता बनकर पहुंची। टीम में शामिल लेबर ने सड़क से बर्फ को हटाने का कार्य शुरू किया। सायं 6:00 बजे सड़क से बर्फ हटाने के बाद वाहन किलाड़ के लिए निकले। रात 8:00 बजे किलाड़ पहुंचने पर सवारियों ने राहत की सांस ली।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल चोपड़ा ने बताया कि ताजा बर्फबारी के कारण मार्ग पर फिसलन बढ़ने से गाड़ियां आगे नहीं बढ़ पाईं। मौके पर पहुंची विभाग की लेबर ने मार्ग को सुचारु करवाया। उसके के बाद सभी लोग सुरक्षित किलाड़ पहुंचे।