साहो में नहीं पहुंच रही सिलिंडर की गाड़ी, लोग परेशान
उपभोक्ता खाली सिलिंडर के साथ सड़क पर करते रहे इंतजार, नहीं आई गाड़ी
लोगों ने जिला प्रशासन से समस्या का समाधान करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
साहो (चंबा)। साहो क्षेत्र में घरेेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति समय पर न होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोग खाली सिलिंडर लेकर सड़क किनारे गाड़ी आने का इंतजार करते रहते हैं। मगर घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि गैस सिलिंडर की गाड़ी को लेकर संबंधित विभाग की ओर से समयसारिणी तय की गई है। मगर सिलिंडर की गाड़ी समयसारिणी के मुताबिक साहो नहीं पहुंच रही है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है। सिलिंडर की गाड़ी आने वाले दिन लोग खाली सिलिंडर लेकर सड़क पर खड़े रहते हैं। मगर सिलिंडर की गाड़ी नहीं आने से उन्हें खाली हाथ अपने घरों को लौटना पड़ता है।
उपभोक्ता नरेश कुमार, चैन सिंह, योगराज, कमल कुमार, सुरेंद्र, टेक चंद, रवि कुमार, अजय, मनीष कुमार, हंसराज, चैन लाल और अरविंद ने बताया कि साहो क्षेत्र में घरेलू सिलिंडर की गाड़ी समय पर नहीं आ रही है। गैस ऐजेंसी संचालक मनमर्जी से सिलिंडर की गाड़ी भेजते हैं। क्षेत्र में कई उपभोक्ताओं के सिलिंडर खाली हो चुके हैं। उन्हें चूल्हों में खाना बनाना पड़ रहा है। जबकि रसूखदार लोग निजी वाहनों से गैस ऐजेंसी में जाकर सिलिंडर भरवा ला रहे हैं। जबकि गरीब परिवार के लोग गैस की गाड़ी आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की कि साहो में जल्द सिलिंडर की गाड़ी भेजी जाए।