अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला के पांच विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान होगा। विधानसभा की पांच सीटों से इस बार 21 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए जिला में 601 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला में 35,3500 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बुधवार देर शाम तक प्रत्याशियों ने वोट पक्का करने के लिए डोर-टू डोर प्रचार किया। निर्वाचन अयोग के अनुसार मतदान के लिए मतदाता अब 12 तरह के फोटो युक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करके मतदान कर सकेंगे। सभी पहचान पत्रों का फोटो युक्त होना आवश्यक है। अगर कोई मतदाता किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जारी किया गया फोटो पहचान पत्र प्रदर्शित करता है, तो ऐसे पहचान पत्र भी पहचान स्थापित करने के लिए स्वीकृत किए जाएंगे। बशर्ते निर्वाचक का नाम जहां वह मतदान करने आया है उस मतदान केंद्र से संबंधित निर्वाचक नामावली में उपलब्ध होना चाहिए। इसके अलावा मतदान की इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए 3835 चुनाव कर्मी तैनात किए गए हैं।
इन दस्तावेजों से कर सकते हैं मतदान
वोटर मतदान करने के लिए 12 तरह के दस्तावेजों को प्रस्तुत कर सकता है। इसमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी अर्द्ध सरकारी, सार्वजनिक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले सेवा पहचान पत्र, बैंकों, डाकघरों से जारी की गई पासबुक, पैन कार्ड, आरजीआई और एनपीआर द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, पेंशन दस्तावेज, निर्वाचन तंत्र की ओर से जारी प्रमाणित फोटो मतदाता पर्ची, सांसदों और विधायकों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और आधार कार्ड शामिल हैं।