अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्रों की डिमांड भेजनी होगी। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा की ओर से सभी निजी और सरकारी स्कूलों के प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए है। जारी निर्देशों के अनुसार विभाग ने स्पष्ट किया है कि समस्त निजी और सरकारी स्कूलों के प्रभारी इस ब्योरे को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला को भेजें। ताकि समय रहते प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका उपलब्ध हो सके। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षा के लिए समय से पहले प्रश्न पत्र पहुंचाना है। ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय कार्यालय शिमला से समस्त जिला प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशकों को पत्र जारी किया है। यह पत्र चंबा में सोमवार को मिला है। इसके आधार पर विभाग ने त्वरित निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में लेट लतीफी बरतने वाले सरकारी और निजी स्कूलों के प्रभारी स्वयं जिम्मेवार होंगे। इसलिए सभी स्कूल इन निर्देशों की पूर्ति करें। ताकि परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिका के संबंध में कोई दिक्कत न पेश आए।
ये जानकारी दें निजी और सरकारी स्कूल प्रभारी
जिला के सभी निजी और सरकारी स्कूल के प्रभारियों को छात्र-छात्राओं को कुल संख्या हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला को उपलब्ध करवानी होगी। इस सूची के आधार पर ही प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका मुहैया करवाई जाएगी।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बलजीत सिंह ने बताया कि इस बारे में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल प्रभारी शीघ्र स्कूली छात्र-छात्राओं की कुल संख्या प्रश्न पत्रों के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेजें।