कबड्डी के क्वार्टर फाइनल में चंबा ने बिलासपुर को हराया
रावमापा हमीरपुर में राज्यस्तरीय सीनियर ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में दिखाया जलवा
45-22 के अंतर से दी मात, लगातार जीत से खिलाड़ियों में जोश
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। राज्य स्तरीय सीनियर ओपन कबड्डी प्रतियोगिता के क्वाटर फाइनल मुकाबले में चंबा की टीम ने बिलासपुर की टीम को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मंगलवार को हुए मुकाबले में चंबा की टीम ने बेहतरीन खेल के दम पर बिलासपुर की टीम को मात दी। राज्य स्तरीय सीनियर ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन जिला हमीरपुर के रावमापा में किया जा रहा है।
इस बारे में जानकारी देते हुए जिला कबड्डी संघ अध्यक्ष उपेंद्र सिंह मनकोटिया और कोच मोहम्मद रफी ने बताया कि मंगलवार को राज्य स्तरीय सीनियर ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में चंबा और बिलासपुर की टीमें आमने-सामने थीं। चंबा कबड्डी टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर की टीम को हरा कर सेमीफाइनल में जगह पक्की है। चंबा की टीम ने बिलासपुर की टीम को 45-22 अंकों से पराजित किया है। चंबा की सीनियर कबड्डी टीम में मंजूर अख्तर, सतनाम सिंह, इंद्र दीप सिंह, कुलविंद्र सिंह, अवतार सिंह, विजय कुमार, इंद्रजीत सिंह, रतन सिंह, अमित कुमार, हितेश कुमार और पंकज कुमार शामिल हैं।