अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। ऐतिहासिक चौगान मैदान मेें चल रही राजकुमार ब्रिजेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को दो मैच खेले गए। इसमें पहला काफी रोमांचक रहा और सुपर ओवर के जरिये मैच का फैसला हुआ। इसमें राजपुरा-ए ने गागला की टीम को एक विकेट से हराया। जबकि दूसरे मैच में हिमकुश की टीम ने दुनाली को तीन विकेट से शिकस्त दी। दोनों मैचों की विजेता टीमों ने प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
यह जानकारी देते हुए आयोजक सचिव राजीव सहगल ने बताया कि दिन के पहले मैच में राजपुरा-ए की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इसमें राजपुरा-ए की टीम दस विकेट खोकर मात्र 76 रन ही बना सकी। मैच ने उस समय रोमांचक मोड़ ले लिया जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी गागला की टीम भी 76 रनों पर ही सिमट गई। इसके चलते मैच का फैसला सुपर ओवर के जरिये हुआ। इसमें राजपुरा-ए की टीम ने गागला को एक विकेट से हराया। जबकि दिन के दूसरे मैच में दुनाली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 123 रन बनाए। इसमें सुरेंद्र ने सर्वाधिक 42 और टिंकू और नन्ना ने 16-16 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमकुश की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हिमकुश की ओर से जतेश ने 37 और विक्की ने 19 रन बनाएं। शुक्रवार को प्रतियोगिता के तहत दो मुकाबले खेले जाएंगे।