एक-एक सुपरवाइजर संभाल रही 40 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र, नियमित निरीक्षण और योजनाओं की निगरानी प्रभावित
जिले में 62 स्वीकृत पदों में से आधे रिक्त, पोषाहार वितरण से लेकर बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग तक पर पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी व्यवस्था कर्मचारियों की कमी से जूझ रही है। सुपरवाइजरों के आधे पद रिक्त होने के कारण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करना चुनौती बन गया है।
जिले में सुपरवाइजरों के 62 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 31 पर ही तैनाती है। शेष 31 पद खाली पड़े हैं। ऐसे में उपलब्ध स्टाफ पर काम का अतिरिक्त बोझ है और एक-एक सुपरवाइजर को 40 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है।
सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी केंद्रों में पूरक पोषाहार वितरण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, रेफरल सेवाओं और प्री-स्कूल शिक्षा की निगरानी करना है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी रिकॉर्ड की जांच भी उनके कार्यक्षेत्र में आती है। स्टाफ की कमी के चलते सभी केंद्रों का समय पर निरीक्षण नहीं हो पा रहा है। इससे रजिस्टरों की जांच, रिकॉर्ड अपडेट करने और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा प्रभावित हो रही है। बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग और पोषण संबंधी गतिविधियों पर भी नियमित नजर रखना मुश्किल हो रहा है।
उधर, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार से आग्रह किया गया है। फिलहाल उपलब्ध स्टाफ के माध्यम से ही विभागीय कार्य करवाए जा रहे हैं।