चंबा। जिला चंबा के बेरोजगार युवाओं को सोलर पीवी इंस्टालर का प्रशिक्षण मिलेगा। यह प्रशिक्षण शिविर इसी माह तक शुरू करने की योजना हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम बना रहा है। आईटीआई के जरिए यह प्रशिक्षण युवाओं को दिया जाएगा। काउंसलिंग के जरिए युवाओं का चयन कर लिया गया है। काउंसलिंग में 35 युवाओं ने भाग लिया था। इनमें से 30 युवाओं का चयन कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार इस कोर्स की अवधि तीन माह रहेगी। जबकि इस प्रशिक्षण के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं और जमा दो निर्धारित की गई है। इस प्रशिक्षण को हासिल करने के बाद बेरोजगार युवा अपना स्वरोजगार शुरू कर सकेंगे।
निगम की ओर से इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का मकसद बेरोजगार युवाओं के कौशल निखार करवाना है। ताकि वे आगामी समय में अपनी आजीविका चला सकें। यह प्रशिक्षण हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की ओर से प्रायोजित है। इस प्रशिक्षण में आवासीय सुविधा भी प्रशिक्षुओं को मिलेगी। साथ ही यह कोर्स पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। निगम द्वारा वर्तमान में विभिन्न संस्थानों के जरिए चार प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे है। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला समन्वयक दीपक शर्मा ने बताया आगामी सप्ताह तक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। 30 युवाओं का इस प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग के जरिए चयन कर लिया गया है।