चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा से डॉक्टरों के जाने का क्रम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। नए साल के पहले माह में ही मेडिकल कॉलेज से तीन डॉक्टर अपनी नौकरी छोड़ कर चले गए। अन्य कई डॉक्टर अपनी नौकरी को छोड़ने को तैयार हैं। सरकार अनुबंध पर रखे डॉक्टरों का अनुबंध रिन्यू नहीं कर रही है। जिसकी वजह से डॉक्टर नौकरी छोड़ कर चंबा से जा रहे हैं। डॉक्टरों के नौकरी छोड़ कर जाने से स्त्री रोग, मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र व सर्जिकल विभाग एक-एक डॉक्टर के रह गए हैं। मेडिकल कॉलेज में हरेक विभाग में कम से कम चार डॉक्टर होने चाहिए। लेकिन चंबा मेडिकल कॉलेज में चार डॉक्टर तो दूर की बात प्रबंधन को इन विभागों को चलाना मुश्किल हो रहा है। वहीं एमबीबीएस के प्रशिक्षुओं की पढ़ाई पर भी डॉक्टरों की कमी का असर पड़ रहा है। 200 प्रशिक्षु चंबा मेडिकल कॉलेज में पहले व दूसरे सत्र में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।
दो वर्ष पहले जब चंबा मेडिकल कॉलेज खुला था। तब ओपीडी 100 से 200 के बीच में रहती थी। जबकि मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज की ओपीडी दो हजार पहुंच चुकी है। मरीजों की संख्या में जिस तरह दो सालों में बढ़ोतरी हुई है। उस तरह डॉक्टरों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हो पाई। मेडिकल कॉलेज के तीसरे सत्र में क्लीनिकल व नॉन क्लीनिकल डॉक्टरों की संख्या सौ से अधिक होनी चाहिए। लेकिन मौजूदा समय में डॉक्टरों की संख्या पचास और साठ के बीच में है। केंद्र व प्रदेश सरकार डॉक्टरों को चंबा मेडिकल कॉलेज भेजने में नाकाम हो रही है। वहीं चंबा जिला के नेता चाहे वे भाजपा व कांग्रेस से संबंधित हों। मेडिकल कॉलेज को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। सामाजिक संगठन भी ज्यादा दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही चलता रहा तो शायद चंबा वासियों के हाथों से मेडिकल कॉलेज ही न छिन जाए।
गायनी विभाग से चार डॉक्टर जा चुके हैं। इसके अलावा मेडिसिन विभाग से तीन, सर्जिकल से दो, ऑर्थो से तीन, ईएनटी से एक, पैथोलॉजी से एक और भी अन्य कई विभाग हैं जहां से डॉक्टर नौकरी छोड़ कर जा रहे हैं।
सरकार को अवगत करवाया : प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि डॉक्टरों की कमी के बारे में सरकार को अवगत करवा दिया है। सरकार अपने स्तर पर डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है। चंबा मेडिकल कॉलेज को जल्द ही नए डॉक्टर मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगे : नैयर
सदर विधायक पवन नैयर ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वह विशेष प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए जल्द ही वह मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगे।