साहो(चंबा)। ग्राम पंचायत साहो में बिजली की समस्या का समाधान करने के लिए स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर सफेद हाथी बना हुआ है। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले विद्युत बोर्ड ने यह ट्रांसफार्मर स्थापित करवाया था। लेकिन आज दिन तक चालू नहीं किया गया है। इस कारण ग्रामीणों को बिजली की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे वे कई बार विद्युत बोर्ड से मांग कर चुके हैं लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर टरकाया जा रहा है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत बोर्ड द्वारा यहां नया ट्रांसफार्मर अस्सी परिवारों को राहत देने के लिए लगाया था। लेकिन आज दिन तक इसे चालू नहीं किया गया। जिस कारण गांव ढारू, कोट, उलदन, धुरपण फाट, सलूण में बिजली की समस्याओं से ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान साहिब सिंह व ग्रामीण मोती राम, राम सिंह, परस राम, रतन चंद, जर्मो, हरि सिंह, उमेश कुमार, देवी चंद, रिंकू राम, राज कुमार का कहना है कि विद्युत बोर्ड द्वारा ट्रांसफार्मर को कनेक्शन नहीं दिया गया है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से उलदन गांव में स्थापित ट्रांसफार्मर को चालू करने की मांग की है।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता हरि सिंह का कहना है कि मामला ध्यान में है। बोर्ड की ओर से ट्रांसफार्मर स्थापित कर लाइन बिछा दी गई है। जल्द ही ट्रांसफार्मर चालू करवा दिया जाएगा।