चंबा। चंबा मिलेनियम गेट के सामने सड़क पर गाड़ी लगाने वालों की अब खैर नहीं। ऐसा करने वालों का अब सीधा चालान किया जाएगा। इसको लेकर मिलेनियम गेट के सामने पुलिस ने बैरीकेड लगा दिए हैं। ताकि सड़क किनारे कोई भी गाड़ी पार्क न हो सके। इससे मिलनेयिम गेट की सुंदरता भी बरकार रहेगी। पुलिस विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थी कि मिलेनियम गेट के सामने सड़क पर लोग गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं।
इस कारण मिलेनियम गेट का दीदार और यहां सेल्फी लेने वाले पर्यटकों को दिक्कतें आ रही थी। इसी समस्या का समाधान करने के लिए पुलिस ने गेट के सामने सड़क को पूरी तरह से खाली करवा दिया। जिससे की मिलेनियम गेट की शोभा बरकरार रहे। ट्रैफिक पुलिस प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मिलेनियम गेट के सामने अब किसी भी गाड़ी को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने टैक्सी चालकों को भी हिदायत दी है कि वह गाड़ियों को तय स्थान पर ही लगाएं। अन्यथा उनकी गाड़ियों के चालान काटे जाएंगे।