डीके शर्मा
खज्जियार (चंबा)। ग्राम पंचायत रठियार के अधीन आने आधा दर्जन गांव के बाशिंदों को जल्द सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग ने मियाणीगला से खबड़ तक सड़क का निर्माण करवाने के लिए सड़क का टेंडर आवंटित कर दिया है। अब जल्द ही सड़क के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
रठियार पंचायत के अधीन आने वाले गांव मियाणीगला, मियाणी, दियोड़ और खबड़ के बाशिंदों को सड़क के अभाव में मीलों पैदल सफर तय कर सड़क तक पहुंचना पड़ता था।
इतना ही नहीं, कई बार अगर गांव में कोई बीमार पड़ जाता था तो उसे पीठ पर या फिर पालकी पर उठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता था। वहीं, दूसरी और ग्रामीण भी कई बार लोनिवि अधिकारी और स्थानीय प्रशासन से गांवों को सड़क से जोड़ने की मांग करते आ रहे हैं। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए लोनिवि ने पंचायत के आधा दर्जन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्राक्कलन बनाकर स्वीकृति के लिए आलाधिकारियों को भेजा था। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद अब सड़क निर्माण संबंधी टेंडर करवा दिए गए हैं। इसके तहत जल्द ही सड़क का कार्य आरंभ होगा। लोनिवि के सहायक अभियंता मीत कुमार ने बताया कि रठियार पंचायत के अधीन आने वाले गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए एक करोड़ की राशि से सड़क का निर्माण होगा। कहा कि टेंडर करवा दिए गए हैं। जल्द ही ठेकेदार सड़क निर्माण का कार्य आरंभ करेगा।