चंबा। भारतीय पब्लिक स्कूल चंबा में रविवार को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2018 देने के लिए विद्यार्थी जिले के कोने-कोने से पहुुंचे। छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों का जोश देखते ही बन रहा था। कुछ बच्चों ने 90 से 80 प्रतिशत तक परीक्षा बेहतरीन होने की बात कही। विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के रूप में मिलने वाली राशि को अपनी आगामी पढ़ाई के लिए खर्च करने की बात कही।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिढकुंड की दसवीं कक्षा की छात्रा आरूषी शर्मा ने बताया कि परीक्षा देने से पूर्व वह नर्वस हो गई थी। लेकिन, परीक्षा केंद्र में तैनात अध्यापक ने उन्हें बड़ी ही शालीनतापूर्वक परीक्षा के संदर्भ में बताया। इसके बाद मनोबल बढ़ा और बढ़िया तरीके से पेपर किया।
हाई स्कूल लेसुई की नौंवी कक्षा की छात्रा लीलो ने बताया कि परीक्षा देने के बारे में विद्यालय के अध्यापकों ने बताया था। परिजनों से बात करने के बाद परीक्षा के लिए आवेदन किया। कहा कि छात्रवृत्ति अपने माता-पिता को दूंगी। हाई स्कूल बगढ़ार की छात्रा पल्लवी शर्मा ने बताया कि परीक्षा में ज्यादा कठिन प्रश्न नहीं थे। केवल अंग्रेजी में आए प्रश्नों को हल करने में कुछ अतिरिक्त समय जरूर लगा।
हाई स्कूल लेसुई के छात्र मुकेश ने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को उजागर करने व उन्हें इसकी एवज में छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए उठाया गया बीड़ा काबिले तारीफ है। कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां भविष्य में भी जारी रखनी चाहिए।
हाई स्कूल लेसुई के नौंवी कक्षा के विद्यार्थी मनोज कुमार ने बताया कि परीक्षा बहुत ही आसान रही। परीक्षा में अत्यधिक कठिन प्रश्न नहीं थे। कहा कि अमूमन 90 प्रतिशत तक उन्होंने पेपर कंपलीट किया है। हाई स्कूल लेसुई के छात्र जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनका सपना पुलिस अधिकारी बनने का है। इस प्रकार की बेहतरीन परीक्षाओं के जरिए ही वह इसके लिए तैयार हो सकता है। कहा कि परीक्षा के बाद भले ही उन्हें छात्रवृत्ति मिले या न मिले। लेकिन, परीक्षा में आने वाले प्रश्नों से उनका आईक्यू अवश्य बढ़ा है।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा की जमा दो कक्षा की छात्रा रीना ने कहा कि अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के तहत उन्हें छात्रवृत्ति मिलती है तो वे इसे अपनी पढ़ाई में लगाएंगी। उनका सपना अध्यापक बनना है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा की जमा एक कक्षा की छात्रा प्रांजल वर्मा ने कहा कि परीक्षा में बेहतरीन प्रश्नों का समावेश देखने को मिला। यदि छात्रवृत्ति मिलती है तो इसे वह अपने माता-पिता को देंगी। सीनियर सेेकेंडरी स्कूल शेरपुर की जमा दो कक्षा की छात्र विशाल शर्मा ने कहा कि छात्रवृत्ति के रूप में मिलने वाली राशि को जमा करूंगा। कहा कि उनका सपना एचएएस बनने का है। छात्रवृत्ति की राशि को वह अपनी आगे की पढ़ाई में प्रयोग करेगा। सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगढ़ार के जमा एक कक्षा के छात्र लक्ष्य शर्मा ने बताया कि परीक्षा में मिलेजुले प्रश्न थे। कई प्रश्नों ने बौद्धिक क्षमता को खंगाला तो कई प्रश्न चुटकी बजाते ही हल हो गए। कहा कि अब परीक्षा का परिणाम आने का इंतजार है।