अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर (चंबा)। 33 केवी बिजली लाइन टूटने से जनजातीय क्षेत्र भरमौर की 29 पंचायतों में 14 घंटे ब्लैक आउट रहा। बुधवार रात को अचानक बिजली गुल हो गई। इसके बाद वीरवार शाम रात को 12 बजे बहाल हो पाई। बिजली गुल होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। जबकि सुबह के समय बिजली न आने से उन्हें कई दिक्कतों पेश आईं। हालांकि बिजली बोर्ड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लाइन को बहाल कर दिया है। इसके बाद कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात को करियां में 33 केवी की बिजली लाइन अचानक टूट गई। इस कारण भरमौर में अंधेरा छा गया। पहले तो ग्रामीणों को पता ही नहीं चला कि अचानक बिजली कैसे चली गई। क्योंकि भरमौर में न बारिश हुई और न कोई तूफान आया। ऐसे में अचानक बिजली गुल होना लोगों की समझ से परे रहा।
वीरवार दोपहर के समय लोगों को जानकारी मिली कि करियां में 33 केवी बिजली लाइन टूटने से यह समस्या पैदा हुई है। हालांकि लाइन के टूटने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। इसके लिए कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
कर्मचारियों ने शाम तक लाइन को ठीक कर दिया। बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बोर्ड के सहायक अभियंता विक्रम शर्मा ने बताया कि करियां में 33 केवी बिजली टूटने से समस्या आई थी। लाइन को ठीक कर दिया गया है। इसके बाद बिजली सप्लाई सुचारु कर दी गई है।