चंबा। कबायली क्षेत्र पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियां बुधवार रात होने वाली बर्फबारी से पूरी तरह से लकदक हो गई हैं। इसके साथ ही पर्यटन नगरी डलहौजी के तहत डैंनकुंड और लक्कमड़ी में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। इस दौरान यहां घूमने के लिए आए सैलानियों ने बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया। पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब अठखेलियां की। वहीं, निचले क्षेत्रों में होने वाली बारिश के बाद जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है।
गौरतलब है कि पांगी के किलाड़ मुख्यालय में भी हल्की बर्फबारी हुई है। इसके अलावा पांगी की ऊपरी चोटियों भटोरी में दो फीट, पुर्थी में पांच से छह इंच, धरवास में एक फीट, हुडान में एक फीट, सेचुनाला में सात से आठ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर अब पांगीवासी घरों में ही कैद हो गए हैं।
कबायली क्षेत्र भरमौर की बात की जाए तो यहां की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, कुगति, सुप्पा, बडग्रा, तुदांह, घटोत और कुवारसी में एक से डेढ़ फीट तक बर्फबारी हुई है। मुख्यालय भरमौर के मलकौथा, बाडी, सचुई, गरिमा, बालो, रजौर, खुंड, कुगति, बलगुई, चौबिया, सुप्पा, गुवाड, उलांसा और कुवारसी में भी हल्की बर्फबारी होने से क्षेत्र में ठंड पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गई है। किहार सेक्टर की ऊपरी चोटियों जैसे गुल्लू की मंडी, सौणतीथ, चौंडी की घोड़ी समेत अन्य धाराएं बर्फ से लद गई है। साथ ही तीसा, सलूणी, साहो, सिल्लाघ्राट की ऊपरी चोटियों में होने बर्फबारी हुई है।