चंबा। सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण डाक सेवकों ने अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जिले के 600 ग्रामीण डाक सेवक हड़ताल पर चले गए हैं। इसकी वजह से डाक विभाग की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीण डाक सेवक ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की सेवाओं का लोगों तक पहुंचा रहे थे। ऐसे में उनके हड़ताल पर जाने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि अभी तक जिले में ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल से किसी प्रकार की समस्या होने की सूचना नहीं मिली है।
ग्रामीण डाक सेवक चमन सिंह, ओम प्रकाश, सुभाष कुमार, मनोहर लाल, मदन लाल, परस राम, मान सिंह और प्रेम सिंह ने बताया कि ग्रामीण डाक सेवकों को वर्ष 2016 में सातवें वेतन आयोग के तहत लाभ मिलना था। मगर सरकार इसको लागू करने में आनाकानी कर रही है। इसको लेकर ग्रामीण डाक सेवक संघ पहले भी देशव्यापी हड़ताल कर चुके हैं। मगर सरकार ने उनकी मांग को पूरा नहीं किया। इसके चलते संघ ने अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।
मंगलवार से सभी ग्रामीण डाक सेवक हड़ताल पर चले गए हैं। अब ग्रामीण डाक सेवक दोबारा ड्यूटी पर तभी लौटेंगे, जब सरकार उनकी मांग को पूरा करेगी। हड़ताल के बारे में पहले ही डाकघर अधीक्षक और जिला प्रशासन को अवगत करवा दिया गया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में छठा वेतन आयोग का ग्रामीण डाक सेवकों का पूरा लाभ मिला था। मगर सातवें वेतन आयोग को लागू करने में सरकार आनाकानी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक सातवें वेतन आयोग को लागू नहीं करती है, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।