चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में अमृत स्टोर खुलने जा रहा है। इसमें सभी बीमारियों की दवाइयां उपलब्ध होंगी। यह दवाइयां मरीजों को कम रेट पर उपलब्ध होंगी। मरीज को दवाई खरीदने के लिए अब ज्यादा पैसे नहीं चुकाने होंगे। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन मरीजों की सुविधा के लिए कड़े कदम उठा रहा है। जनऔषधि केंद्र अस्पताल में खुलने वाला है। इसके साथ ही अब जल्द अमृत स्टोर के खुलने से मरीजों को दवाई लेने में काफी आसानी होगी। पीजीआई चंडीगढ़ में अमृत स्टोर चल रहा है, जहां पर मरीजों को सभी बीमारियों की दवाइयां कम रेट पर उपलब्ध हो रही हैं। पीजीआई की तर्ज पर चंबा मेडिकल कॉलेज में भी यह स्टोर खोला जा रहा है। स्टोर का संचालन अमृत फार्मेसी की ओर से किया जाएगा। स्टोर खोलने को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। केंद्र सरकार की ओर से स्टोर शुरू करने के निर्देश प्रबंधन के पास पहुंच चुके हैं। एक माह के भीतर अस्पताल में अमृत स्टोर शुरू हो जाएगा। इसके बाद मरीजों को बाजार में जाकर महंगी दवाई नहीं खरीदनी पड़ेगी। स्टोर में जेनेरिक, ब्रांडेड, सर्जिकल सहित अन्य सभी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। जनऔषधि केंद्र और अमृत स्टोर खुलने के बाद देखना यह है कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन डॉक्टरों को इन दवाइयों को लिखने के लिए बाधित कर पाते हैं या नहीं। क्योंकि जनऔषधि और अमृत स्टोर खुलने का फायदा तभी होगा, जब डॉक्टर मरीजों को यहां की दवाइयां लिखेंगे।
एक माह के भीतर खुलेगा अमृत स्टोर
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि अस्पताल में एक माह के भीतर अमृत स्टोर खुल जाएगा। यहां पर मरीजों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध होंगी। दवाई के लिए मरीजों को ज्यादा पैसे नहीं खर्च करने पड़ेेंगे। अमृत स्टोर के अलावा जनऔषधि केंद्र भी अस्पताल में खुल रहा है।