आठ नवंबर तक पधर मैदान में ही सजेगा पटाखों का बाजार, सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
दुकानों में अग्निशमन यंत्र और रेत से भरी बाल्टियां रखना अनिवार्य, प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। दिवाली के मद्देनजर नगर पंचायत बनीखेत में पटाखों की बिक्री के लिए 20 दुकानदारों को अनुमति दी गई है। प्रशासन ने इसके लिए पधर मैदान निर्धारित किया है, जहां आठ नवंबर तक अस्थायी दुकानें लगाई जा सकेंगी।
छह नवंबर को जारी आदेशों के तहत दुकानदारों को विस्फोटक नियम, 2008 और लाइसेंस की शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।
व्यापार मंडल प्रधान संजीव ठाकुर ने बताया कि केवल अधिकृत निर्माताओं के पटाखे बेचने की अनुमति होगी। प्रतिबंधित और हानिकारक रसायनों वाले पटाखों की बिक्री नहीं की जा सकेगी। दुकानों में धूम्रपान, खुली आग, मोमबत्ती और लालटेन के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। प्रत्येक दुकानदार को अग्निशमन यंत्र और रेत से भरी बाल्टियां रखनी होंगी। आपातकालीन निकास मार्ग खुले रखने और दुकानों के आसपास भीड़ जमा न होने देने के निर्देश हैं। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वयस्क की मौजूदगी के बिना पटाखे बेचने पर भी प्रतिबंध रहेगा। नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।