बेबी शो और तंबोला में भी दिखा उत्साह, सामाजिक योगदान के लिए शिक्षण संस्थानों और सेवाभावियों को किया सम्मानित
गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने रेडक्रॉस कूपन खरीदने में साढ़े तीन लाख रुपये का दिया योगदान
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। केंद्रीय तिब्बती विद्यालय के मैदान में रविवार को उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया गया। डलहौजी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. कैप्टन जीएस ढिल्लों ने मेले का शुभारंभ किया।
मेले में विभिन्न शिक्षण संस्थानों की ओर से खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। डॉग शो, बेबी शो और तंबोला सहित कई गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
मेले के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 20 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। मेडिकल कॉलेज चंबा की टीम ने शिविर में सेवाएं दीं। एसडीएम अनिल भारद्वाज ने कहा कि रेडक्रॉस की स्थापना वर्ष 1863 में हेनरी ड्यूनेंट ने जिनेवा में की थी। संगठन आपात स्थितियों में जरूरतमंदों, घायलों और पीड़ितों को चिकित्सा सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाता है। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस की गतिविधियों में सहयोग देने की अपील की।
डॉग शो की स्मॉल श्रेणी में पपिंद्र कौर का पाई प्रथम, पूजा तलवार का काई द्वितीय और साहिल प्रीत का स्नो तृतीय रहा। लार्ज एवं मीडियम श्रेणी में आशा का जय प्रथम, आशिक हुसैन का जीवा द्वितीय और अंकुश का आइसी तृतीय स्थान पर रहा। बेबी शो की पहली श्रेणी में शोविक, भव्य और शिविक ने क्रमश: पहले तीन स्थान हासिल किए। दूसरी श्रेणी में लावन्य प्रथम, हितार्थ द्वितीय और अमायरा तृतीय रहे।
स्कूलों और सेवाभावियों को किया सम्मानित
रेडक्रॉस कूपन खरीदने में गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने साढ़े तीन लाख रुपये का योगदान देकर पहला स्थान हासिल किया। डलहौजी पब्लिक स्कूल ने दो लाख पांच हजार और सेक्रेड हार्ट स्कूल ने डेढ़ लाख रुपये के कूपन खरीदे। रेडक्रॉस के लिए 24 वर्षों से सेवाएं दे रहे नवदीप भंडारी, विशाल आनंद और दर्शन कुमार को सम्मानित किया गया। वहीं, ऋषभ, कोमल, मनोज, अनिल और सनी को आजीवन सदस्यता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान तहसीलदार रमेश चौहान, थाना प्रभारी डलहौजी बाबू राम, हिल टॉप स्कूल की निदेशक पूनम धवन, चेयरमैन सुधीर धवन, गुरु नानक पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य नवदीप भंडारी और सेक्रेड हार्ट स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर मोली चेरियन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।