चंबा। सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं करने पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने वाहन चालकों पर कार्रवाई की। नाका लगाकर करीब 20 वाहनों के चालान काटकर लगभग 65 हजार रुपये जुर्माना वसूला है।
इस दौरान वाहन चालकों को हिदायतें भी जारी की गई। पिछले कई दिनों से चंबा, बनीखेत, डलहौजी, भरमौर, तुन्नुहट्टी में आरटीओ की ओर नाके लगाए जा रहे हैं। इसके चलते वीरवार को चंबा में सड़क पर गुजरते विभिन्न वाहनों को रोका गया। आरटीओ ने वाहन चालकों के लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की।
इस दौरान पाया गया कि कई वाहन चालकों के पास दस्तावेज ही नहीं थे। कई वाहन चालकों ने सीट बेल्ट भी नहीं पहनी हुई थी। तो कुछ चालक ओवरलोड होकर जा रहे थे। आरटीओ चंबा राम प्रकाश ने कहा कि विभाग की ओर से नियमित रूप से नाके लगाए जा रहे हैं। वाहन चालकों के लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। कुछ कमियां थीं, जिन पर जुर्माना और आवश्यक दिशा - निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि करीब 20 वाहनों के चालान काटे गए हैं, जिसमें 65 हजार जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय वाहन चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। इस दौरान वाहन चालकों को जागरूक भी किया गया। कहा कि पिछले छह माह पहले किए चालान का भी जुर्माना वसूला जा रहा है।
अगर चालक समय पर जुर्माने की राशि जमा नहीं करवाते है तो उन्हें अतिरिक्त जुर्माना भरना पड़ सकता है। यह कार्रवाई आगामी दिनों तक जारी रहेगी। उन्होंने सभी चालकों को नियमों का पालन करते हुए ही गाड़ी चलाने का कहा है। संवाद