अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। मेडिकल कॉलेज भवन चंबा के पीछे झाड़ियों में शनिवार देर रात लगी आग से अस्पताल में भर्ती मरीजों को अफरा तफरी मच गई। आग लगने की वजह से अस्पताल के वार्डों में धुआं भर गया। इससे मरीजों को सांस लेने में समस्या का सामना करना पड़ा। कई मरीज इस वजह से अस्पताल से बाहर निकलकर खुली जगह पर चले गए। इस घटना के समय अस्पताल में करीब 250 मरीज उपचाराधीन थे। मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल से लेकर चतुर्थ तल तक बेतहाशा धुएं के चले अंधेरा भर गया। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी और अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात साढ़े दस बजे तक झाड़ियों में लगी आग को बुझाने में सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज चंबा के नए भवन के पीछे साल खड्ड की तरफ कूड़ा-कर्कट भी फेंका जाता है। इसके साथ ही यहां बड़े पैमाने पर झाड़िया भी उग गई हैं। शनिवार देर रात अमूमन आठ बजे अचानक यहां उगी झाड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते यह फैल गई। आग लगने से झाड़ियों समेत कूड़ा-कर्कट जलने से उठने वाला धुआं धीरे-धीरे मेडिकल कॉलेज भवन में भी पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते धुआं मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल से लेकर चतुर्थ तल के विभिन्न कमरों में फैल गया। धुआं इस कदर वार्डों में भर गया था कि लोगों के लिए एक दूसरे को देखना मुश्किल हो गया था।
इससे मरीजों और उनके तीमारदार बुरी तरह से डर गए। साथ ही उपचाराधीन मरीजों को सांस लेने में भी दिक्कतें आने लगी। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचें। वहीं अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास आरंभ कर दिए। वहीं, दूसरी और मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारियों ने हर वार्ड में जाकर दरवाजों, खिड़कियों समेत आपातकालीन खिड़कियों को खुलवा दिया। इसके साथ ही मरीजों को झाड़ियों में लगी आग को बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग के जवानों ने कोशिशें शुरू की।
अग्निशमन विभाग के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब साढ़े दस बजे झाड़ियों और कूड़े-कर्कट में लगी आग को बुझाने में सफलता हासिल की। इसके बाद कहीं जाकर अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली। तीमारदार हाकम चंद, नरेश कुमार, प्रदीप कुमार, संजीव कुमार, बचन सिंह ने बताया कि शनिवार रात यकायक अस्पताल में अचनक धुआं इकट्ठा हो गया। इस वजह से मरीजों को सांस लेने में दिक्कतें पेश आईं। इस वजह से कई तीमारदार मरीजों को लेकर अस्पताल से बाहर निकल गए थे।
इनसेट
एमएस चंबा डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि अस्पताल परिसर के पीछे लगती पहाड़ी परआग लगने से अस्पताल में पहुंचें धुआं भर गया था। इसको देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। मरीजों-तीमारदारों को न डरने की हिदायत दी गई। साथ ही अस्पताल के सभी खिड़कियां-दरवाजे और आपातकालीन खिड़कियों को खुलवा दिया गया।