चंबा। पशु चराते समय खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान हरी राम पुत्र रघु गांव नाली पंचायत दाडवीं के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम को गांव के पास पहाड़ी पर पशुओं को चरा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पांव फिसला और खाई में गिर गया। खाई में गिरने से उसे गंभीर चोटें आई।
सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने शव को खाई से निकाला और इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को राहत राशि के रूप में दस हजार रुपये की मदद दी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।