फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खज्जियार में बंदरों ने तीन छात्रों को नोच किया लहूलुहान

विज्ञापन
monkey - फोटो : demo pics
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

विज्ञापन

खज्जियार (चंबा)। पर्यटन नगरी खज्जियार में बंदरों के झुंड ने तीन छात्रों को नोच कर लहूलुहान कर दिया है। घटना उस समय पेश आई जब रठियार के छात्र खज्जियार स्कूल में पढ़ने के लिए जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में छात्रों पर बंदरों ने हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने जब बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचकर उन्हें बंदरों के चंगुल से बचाया। बंदरों के हमले में एक छात्र को तीन टांके लगे हैं। जबकि अन्य दो छात्रों को भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार तीनों छात्र वीरवार सुबह घर से रावमापा खज्जियार में पढ़ने जा रहे थे। तीनों जमा दो कक्षा के छात्र हैं। जब मियाड़ी गला के पास पहुंचे तो जंगल से बंदरों का झुंड उनके ऊपर टूट पड़ा। बच्चों ने भागने की कोशिश की। मगर बंदरों ने उन्हें जाने नहीं दिया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक बंदरों ने एक साथ उन पर हमला कर दिया। बच्चों की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास रेहड़ी लगाने वाले और अन्य लोग वहां पहुंचे। उन्होंने बंदरों के झुंड को भगाया और छात्रों की जान बचाई। अगर समय रहते रेहड़ी धारक वहां नहीं पहुंचते तो छात्रों की जान भी जा सकती थी।
विज्ञापन


सबसे ज्यादा चोट मनीषा कुमारी पुत्री लब्धी राम निवासी रठियार को आई हैं। जबकि साहिल कुमार पुत्र त्रिलोक चंद और कल्पना कुमारी पुत्री संसार चंद भी घायल हुए हैं। वहीं घटना की सूचना मिलते ही अभिभावक और स्थानीय लोग वहां पहुंचे। उन्होंने घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार के लिए आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खज्जियार पहुंचाया। यहां पर तीनों घायल छात्रों का उपचार कर घर भेज दिया गया है। घटना के बाद अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, यहां से बच्चे रोजाना स्कूल जाते हैं। ऐसे में बंदर उनके ऊपर दोबारा झपट सकते हैं। अभिभावकों ने बंदरों को पकड़ वहां से भगाने के लिए एक ज्ञापन वन परिक्षेत्र अधिकारी बहादुर सिंह को दिया।
विज्ञापन


बंदरों को उपरोक्त क्षेत्र से किया जाएगा दूर : बहादुर सिंह
वन परिक्षेत्र अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया कि बंदरों ने तीन छात्रों को घायल करने का मामला सामने आया है। जल्द ही बंदरों को उपरोक्त क्षेत्र से दूर खदेड़ने की व्यवस्था की जाएगी। ताकि स्कूली बच्चों को आने जाने में कोई खतरा महसूस न हो सके।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें