थनेईकोठी के गांव सपरोट में पेयजल किल्लत
गांव के अस्सी परिवारों को एक किलोमीटर दूर से ढोना पड़ रहा पानी
ग्रामीण बोले, कई बार कर चुके हैं शिकायत, नहीं हुआ समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत थनेईकोठी के गांव सपरोट में पानी के लिए हाहाकार मचा है। इसके चलते ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे वह आईपीएच विभाग को कई बार सूचित कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव को पेयजल आपूर्ति करने वाली लाइन टूट गई है। इसके चलते गांव में पानी की किल्लत है। विभाग की ओर से अब तक कोरे आश्वासन दिए गए हैं। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। स्थानीय निवासी हेमराज, बिमला देवी, देसराज, पुष्पा देवी सुरेंद्र सिंह, टेक चंद, चुन्नी लाल, दुनी चंद, कृपाराम, उपमा देवी, दुर्गो देवी, शीलो देवी, मनोहर लाल, मनोज कुमार, आशा देवी और देवराज ने बताया कि गांव में करीब अस्सी परिवार है। मगर दो माह से पानी की किल्लत होने से उन्हें परेेेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से ग्रामीणों को पीने का पानी एक किलोमीटर दूर से ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे लोगों का दिन का आधा समय पानी ढोने में ही बर्बाद हो जाता है। इसके अलावा ग्रामीणों को पशुओं के लिए भी पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। अन्यथा उन्हें मजबूरन उग्र प्रदर्शन करना पड़ेगा। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता भानू प्रताप ने बताया कि गांव के लिए नई पाइपलाइन की स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पाइपलाइन का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे गांव में भरपूर पानी की आपूर्ति होगी।