चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस स्टैंड में मिलावटी पनीर की बड़ी खेप पकड़ी। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने पंजाब से आई करीब ढाई क्विंटल मिलावटी पनीर की सप्लाई को पकड़ा। पनीर की कीमत पचास हजार रुपये से ज्यादा है। मगर पनीर के मालिक का पता नहीं चलने की वजह से किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि विभाग की टीम ने इसके मालिक का पता लगाने की कोशिश करती रही। इसके बाद विभाग ने टीम ने पनीर की खेप को नदी में फिंकवा दिया है।
जानकारी के अनुसार मामला मंगलवार सुबह करीब साढे़ दस बजे का है। जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर बस स्टैंड में दबिश दी।
इस दौरान पंजाब से चंबा आ रही बस की जांच की गई तो इसमें का भी नाम अंकित नहीं था। यह कार्रवाई जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद अगवाई में की गई। काफी देर तक यहां रुकने के बावजूद पनीर लेने के लिए कोई नहीं आया। इसके बाद रावी नदी के किनारे ले जाकर उसे नष्ट किया गया। माना जा रहा है कि शहर के ही किसी कारोबारी ने यह खेप मंगवाई थी। मगर उसके पास पहुंचने से पहले ही विभाग को इसकी भनक लग गई और उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे पकड़ लिया। त्यौहारी सीजन शुरू होते ही पंजाब से चंबा को मिलावटी पनीर समेत मिठाइयों के आने का क्रम शुरू हो जाता है।
इसका लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। मिलावटी पनीर और मिठाई लोगों की सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है। लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग इसको देखते हुए पहले से ही मुस्तैद हो गया है। इसके तहत चंबा में आने वाले पनीर और मिठाइयों की सप्लाई पर विभाग की पूरी नजर रखे हुए है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बस स्टेंड में पकड़े गए पनीर में बदबू फैल चुकी थी। इसे देखकर लग रहा था कि पनीर खराब हो चुका है। इसके चलते पनीर को फिंकवा दिया गया। ताकि उसके सेवन से किसी की सेहत पर बुरा असर न पड़ सके।
मिलावटी सामान बेचने वालों पर होगी कार्रवाई: महेेश कश्यप
जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप ने बताया कि चंबा शहर में मिलावटी खाद्य वस्तुओं पर विभाग की पैनी नजर हुए है। पंजाब से चंबा पहुंचा ढाई क्विंटल पनीर नष्ट करवाया गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो भी दुकानदार मिलावटी खाद्य उत्पाद बेचते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।