अमर उजाला ब्यूरो
तेलका (चंबा)। तेलका क्षेत्र से पठानकोट और टांडा की तरफ बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ रही है। बस सेवा न होने के कारण यहां के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। तेलका क्षेत्र की आठ पंचायतों से कई बीमार व्यक्ति इलाज करवाने के लिए पठानकोट और टांडा मेडिकल कॉलेज जाते हैं। मगर सीधी बस सेवा न होने के कारण मरीजों के साथ-साथ तीमारदारों को भी समस्या से जूझना पड़ता है। इस वजह से लोगों को बार-बार बसें बदलनी पड़ती हैं। कई बार बसों में सीटें न मिलने के कारण मरीजों को बस में खड़े-खड़े सफर करना पड़ता है। ऐसे में अगर झौड़ा से टांडा वाया डलहौजी, पठानकोट बस चलाई जाती है तो इससे तेलका क्षेत्र की मौड़ा, सालवां, बाड़का, भजोत्रा, सेरी, द्रेकड़ी, सियुला और मांझली सहित अन्य पंचायतों के हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। धर्म सिंह, आमिर खान, मंजूर मोहम्मद, टेक चंद, कैलाश चंद, नीलक, प्रताप सिंह, पवन कुमार, पर्लीन कुमार, रेसो देवी, नीमो देवी, नीचणू देवी, करमू राम, आशिक अली, मुश्ताक और अशोक कुमार का कहना है कि वो कई बार विभाग और सरकार से झौड़ा से टांडा के लिए परिवहन निगम की बस की मांग कर चुके हैं। मगर आज तक किसी भी सरकान ने इस ओर कोई कदम नहीं उठाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है।
उन्होंने जिला प्रशासन व एचआरटीसी से मांग की है कि तेलका से टांडा और पठानकोट के लिए हिमाचल परिवहन निगम की बस सेवा शुरू की जाए। आरएम वीके शर्मा ने बताया कि पंचायत का प्रस्ताव उनके पास आता है तो उसे स्वीकृति के लिए निदेशालय भेजा जाएगा। यहां से ही बस सेवा शुरू करने की स्वीकृति मिलने के बाद बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।