जडेरा गांव में एक सप्ताह से पेयजल की समस्या
नियमित रूप से पानी की सप्लाई न आने से लोग परेशान
500 मीटर दूर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी भरने को मजबूर ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
साहो (चंबा)। साहो के जडेरा गांव में एक सप्ताह से पानी की नियमित रूप से सप्लाई न होने से ग्रामीणों को परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को 500 मीटर दूर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार आईपीएच विभाग के आलाधिकारियों को गांव में पेश आ रही पानी की अनियमित सप्लाई के बारे में अवगत करवा चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता से मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर गांव में पेश आ रही पानी की अनियमित सप्लाई की समस्या का समाधान किया जाए। इससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि जडेरा गांव में एक सप्ताह से पानी की अनियमित सप्लाई होना, ग्रामीणों की समस्याओं को बढ़ाने का काम कर रहा है। गांव में रहने वाले 22 परिवारों को 500 मीटर की दूर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी भर-भर कर लाना पड़ रहा है। देवेंद्र टंडन, अशोक कुमार, मनोज कुमार, विनोद कुमार, अमित टंडन, राहुल टंडन, सुभाष कुमार, अक्षय कुुमार और प्रमोद कुमार का कहना है कि जडेरा गांव में पानी की अनियमित सप्लाई के चलते लोगों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के एक सदस्य का अधिकांश समय तो पानी भरने में ही व्यतीत हो रहा है।
जल्द होगा समस्या का समाधान: सहायक अभियंता
आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता हमिंद्र चौणा ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। अगर ऐसी बात है तो प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।