चंबा। पांगी कल्याण संघ चंबा ने रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान भगत बड़ोत्रा ने की। बैठक में जनजातीय क्षेत्र पांगी के विभिन्न मुद्दों को लेकर चरचा की गई। साथ ही आगामी रणनीति तैयार की गई। बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने नियमित रूप से हवाई उड़ानें न होने पर सरकार के खिलाफ रोष जताया। संघ का कहना है कि इस साल भारी बर्फबारी घाटी में हुई। मगर सरकार पर्याप्त हेलीकॉप्टर उड़ानें करवाने में असमर्थ है।
इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। संघ के महासचिव बीआर भरद्वाज ने बताया कि जो उड़ानें इस बार पांगी से चंबा के लिए हुई है, उनमें भी लोगों की अनदेेखी की गई। सरकार ने जब मौसम साफ रहा तब शेड्यूल जारी नहीं किया गया। बैठक में चैहणी सुरंग को लेकर भी चरचा की गई। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चैहणी सुरंग के निर्माण को लेकर वे पिछले कई वर्षों से मांग कर रहे हैं। मगर सरकार ने अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। इस कारण घाटी का हर साल छह माह तक संपर्क शेष विश्व से कटा रहता है। पांगी में हर साल भारी हिमपात होता है। लोग मुश्किल में यहां सर्दियों के दिन और रातें काटते है। लेकिन सरकार द्वारा अभी तक कोई राहत नहीं दी जा रही है।
चैहणी सुरंग निर्माण होने से 12 माह वाहनों की आवाजाही हो पाएगी। चैहणी सुरंग का निर्माण न होने के चलते प्रजामंडल आगामी लोस चुनावों का बहिष्कार करने का ऐलान कर रहे हैं। सभी प्रजा मंडल समर्थन करें तो संघ भी संघर्ष समिति के साथ मिलकर चुनावों का बहिष्कार करेगा। बैठक में लेखराज, बजीर चंद, रोशन लाल, किशन चंद, किशन चंद, बाबू लाल, पदन देव, भीम सिंह, कश्मीर चंद, शिवा राणा और वीर सिंह राणा मौजूद रहे।