महीने बाद भी बहाल नहीं हुआ सलूणी-किलोड़ मार्ग
तीन पंचायतों के लोगों को करना पड़ रहा पैदल सफर
लोक निर्माण विभाग पर लगाया अनदेखी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। सलूणी-किलोड़ सड़क मार्ग एक महीना बीतने के बाद भी बहाल नहीं हो पाया है। इससे तीन पंचायतों में रहने वाली दस हजार आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को पीठ या पालकी पर उठाकर सलूणी मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा रहा है। जबकि, आम लोगों को भी 12 किमी का सफर रोजाना तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के पास पैदल आवाजाही करने के अलावा अन्य कोई भी विकल्प नहीं है। मार्ग जगह-जगह भूस्खलन से बाधित पड़ा है, जिसे बहाल करने में संबंधित विभाग कोई पहल नहीं कर रहा है।
किलोड़ पंचायत की प्रधान सपना और खरल के प्रधान माधो राम, उप-प्रधान रविकुमार ने बताया कि सड़क को बहाल करने के लिए वे लोनिवि के अधिशासी अभियंता से मिले थे लेकिन अभी तक सड़क बहाल नहीं हो पाई है। तीस दिन पहले हुई भारी बारिश और बर्फबारी से सड़क में जगह-जगह भूस्खलन हुआ था, जिससे मार्ग बाधित हो गया था। उन्होंने जिला प्रशासन और विभाग से गुहार लगाई है कि सड़क को जल्द बहाल करवाया जाए। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी शर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। सड़क को बहाल करने के लिए संबंधित जेई को निर्देश जारी किए गए हैं।