अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। विस क्षेत्र चंबा के हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की आयोजित त्रैमासिक बैठक के दौरान अनुपस्थित रहने पर छह स्कूलों के प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने की है। इन स्कूल प्रमुखों को तय समय में अपना जवाब देना होगा और कारण बताना होगा कि वह बैठक में क्यों उपस्थिति दर्ज नहीं करवा पाए। जवाब दुरुस्त न होने पर शिक्षा विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई अमल में ला सकता है। विभाग की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस के बाद स्कूल प्रमुखों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पॉल ने की। इसमें स्कूल प्रभारियों को आदेशित करते हुए उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने कार्यालय से मांगी जाने वाली सूचनाओं की जानकारी बिना विलंब और तय समय अवधि के भीतर देने के आदेश दिए थे। इसके अलावा बैठक में क्वालिटी एजूकेशन पर बल देने की भी बात भी कही गई। इसके साथ ही विभाग बर्फबारी और बारिश से स्कूल भवनों को हुए नुकसान की जानकारी भी कार्यालय मंगवाई है। जिससे आगामी कार्रवाई की जा सके। इसमें विस क्षेत्र चंबा के तहत करीब 43 स्कूलों को भाग लेने के आदेश दिए थे। मगर इसमें 37 स्कूलों ने बैठक मौजूदगी में दर्ज करवाई। जबकि अनुपस्थित छह स्कूलों के प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन्हें अब तय समयावधि के भीतर जवाब विभाग को देना होगा। इसके बाद विभागीय की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा देवेंद्र पॉल ने बताया कि चार हाई और दो सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रमुखों ने बैठक में भाग नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि इन स्कूल प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जल्द ही जवाब आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।