अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पांगी में भारी बर्फबारी में बीस दिन से फंसे 120 लोग 12 गाड़ियों में सवार होकर पांगी से चंबा के लिए निकल पड़े हैं, जो वीरवार शाम को जम्मू के उधमपुर में पहुंचे। इन लोगों के साथ स्थानीय विधायक जिया लाल कपूर भी हैं। विधायक ने दो दिन पहले लोनिवि और पांगी प्रशासन को निर्देश देकर किलाड़ से तियारी 45 किमी तक जेसीबी लगाकर मार्ग को वाहनों के लिए खुलवाया। उसके बाद किलाड़ से 12 गाड़ियां लेकर फंसे हुए मरीजों, छात्रों और अन्य लोगों को साथ लेकर चंबा का रुख किया। 120 लोगों में 12 मरीज शामिल हैं जो गंभीर रूप से बीमार हैं। उन्हें किलाड़ अस्पताल से चंबा और कुल्लू के लिए रेफर किया गया था लेकिन उड़ान न हो पाने की वजह से वे घाटी से बाहर नहीं जा पा रहे थे। इसके अलावा पांगी कॉलेज के 20 छात्र हैं, जिन्होंने ऑनलाइन वार्षिक परीक्षाओं के लिए आवेदन करना है। किलाड़ से जब 12 गाड़ियों का काफिला फंसे हुए लोगों को लेकर रवाना हुआ तो बर्फ ने उनकी परेशानी बढ़ा दी। बर्फ में गाड़ी के टॉयर फिसलने लगे। इससे बचने के लिए गाड़ी चालकों ने टायरों में चेन लगाकर आगे का सफर तय किया। वीरवार शाम को उनका कारवां जम्मू के उधमपुरर पहुंचा। देर रात को वे पठानकोट पहुंचेंगे। शुक्रवार को गाड़ियां चंबा पहुंचेंगी। यहां से मरीजों को चंबा मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा छात्र ऑनलाइन अपनी वार्षिक परीक्षाओं के लिए आवेदन करेंगे।
भरमौर-पांगी के विधायक जिया लाल कपूर ने बताया कि खराब मौसम के कारण घाटी में हवाई उड़ान नहीं हो पा रही थी। इसके चलते कई मरीज और छात्र घाटी में फंस हुए थे। इन सभी लोगों को गाड़ी के जरिये चंबा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।