चंबा। सिढ़कुंड पंचायत का कुडगल गांव में 12 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि रविवार शाम छह बजे गुल हुई बिजली सोमवार सुबह दस बजे बहाल हो पाई। रविवार को न ही बारिश हुई और न कोई तूफान चला। ऐसे में अचानक बिजली गुल होना लोगों की समझ से परे है। ऐसा भी नहीं था कि बोर्ड ने लाइन को दुरुस्त करने के लिए बिजली कट लगाया था। बिजली कट लगाने को लेकर एक दिन पहले लोगों को सूचना दी गई थी। ताकि लोग उस तरह से अपनी व्यवस्था कर लें। बिजली कट को लेकर भी बोर्ड की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
ऐसे में अचानक बिजली गुल हो जाना बोर्ड की लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय निवासी रिंकू, रमेश कुमार, चैन सिंह, रवि कुमार, अमर चंद, टेक सिंह, नारायण और विनोद कुमार ने बताया कि कुडगल गांव में अकसर बिजली की समस्या रहती है। रविवार शाम को भी अचानक बिजली गुल हो गई। इसको लेकर जब बोर्ड अधिकारी से संपर्क साधने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसकी वजह से ग्रामीणों को अंधेरे में ही पूरी रात काटनी पड़ी। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में हीटर का प्रयोग भी नहीं कर पाए। इसकी वजह से उन्हें ठंड में ठिठुरना पड़ा।