चांजू (चंबा)। बीपीएल सूची दुरूस्तीकरण के तहत चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत चांजू में 18 लोगों को सूची से हटा दिया गया है। जबकि इन जगह 18 पात्र परिवारों को शामिल किया गया है। हटाए गए लोगों में अधिकतर सरकारी कर्मचारी हैं। ऐसे में अब इन हटाए गए लोगों को बीपीएल सूची में होने का लाभ नहीं मिलेगा। रविवार को चांजू पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्राम सभा की अध्यक्षता तहसीलदार तीसा सरताज सिंह ने की। ग्राम सभा में बीपीएल सूची, कंपनी और ग्रामीणों के विवाद को लेकर चर्चा और स्वच्छता के मुद्दे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम सभा की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार ने प्रभावित पंचायतों को कंपनी में रखे गए प्रभावित और बाहरी राज्यों से कर्मचारियों की सूची उपलब्ध करवाने के आदेश दिए।
उन्होंने कंपनी को आदेश दिए कि वह अपनी गाड़ियां खड़ी करने के लिए अलग से यार्ड बनाए। इसके अलावा मलबा डंपिंग के मामले को लेकर तहसीलदार ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिए कि कंपनी निर्धारित डंपिंग साइट पर ही फेंके और यहां सूचना पट्ट भी लगाए। उन्होंने बताया कि 21 हेक्टेयर जमीन कंपनी के नाम हो चुकी है। इसमें ग्यारह गांव से जमीन शामिल है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने लाडा के तहत सात लाख रुपये जमा करवा दिए गए हैं। तहसीलदार ने प्रभावित पंचायतों को बेरोजगार युवाओं को परियोजना में रोजगार देने की बात भी कही।
उन्होंने कंपनी को निर्देश दिए कि सप्ताह के छह कंपनी के जखला कार्यालय में एक कर्मचारी बैठेगा। इस बैठक के दौरान कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों की मांगें मानी और आगामी दिनों में रोजगार देने की बात भी कही। ग्राम सभा में कंपनी महाप्रबंधक प्रियांक मित्तल, ग्राम पंचायत चांजू की प्रधान टेकी देवी, बीडीसी सदस्य खेलकू देवी, पंचायत उपप्रधान योगराज, पंचायत निरीक्षक अब्दुल कयूम और पंचायत सचिव टीसी गुप्ता मौजूद रहे।