अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। विधानसभा चुनावों की 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए सुरक्षा घेरे को बढ़ा दिया जाएगा। मतगणना के दिन बहु तकनीकी कॉलेज सरोल के मुख्य गेट के भीतर किसी भी पार्टी का कोई भी कार्यकर्त्ता और आम जनता नहीं आ सकेंगे। इसके अलावा काउंटिग रूम में मतगणना करने के लिए 52 टेबल स्थापित होंगे। सहां पर 450 कर्मचारी चारो विधानसभा केंद्रों के लिए होने वाले मतो की गणना करेंगे। कांउटिग रूम में काउंटिंग एजेंट के साथ हर प्रत्याशी का एजेंट मौजूद रहेगा। मतगणना के हर राउंड के बाद डीपीआरओ माइक के जरिये लाउड स्पीकर पर नतीजे घोषित करेंगे। काउंटिंग रूम में प्रत्याशियों के एजेंटों और अन्य कर्मचारियों की सहूलियत के लिए एक ब्लैक बोर्ड लगाया जाएगा, जहां पर हर राउंड के बाद नतीजे अंकित किए जाएंगे। वहीं, मतगणना के दिन सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इस दौरान एसएसबी और हिमाचल प्रदेश पुलिस के 350 जवान सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहेंगे।
विधानसभा चुनाव 2017 के लिए विस क्षेत्र चुराह, भरमौर, चंबा, डलहौजी और चुराह से चुनावी समर में 21 प्रत्याशी उतरे हैं। बीते 9 नवंबर को पांचों विस क्षेत्रों से साढ़े तीन लाख मतदाताओं में से 2,57,675 मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजकीय मिलेनियम बहु तकनीकी संस्थान सरोल में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा के लिए दिन-रात 350 एसएसबी और पुलिस के जवान तैनात हैं। मतगणना के दिन सुरक्षा घेरे को बढ़ाया जाएगा। इस दिन मुख्य गेट के भीतर आम लोग और किसी भी पार्टी का कोई भी कार्यकर्त्ता प्रवेश नहीं कर पाएगा। आगामी 18 दिसंबर को पांचों विस क्षेत्रों के मतों की मतगणना होगी। इसके अलावा जिला निर्वाचन विभाग ने मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली है। मतगणना से एक दिन पूर्व कर्मचारियों का पूर्वाभ्यास करवाएंगे। मतगणना के दिन सुबह छह बजे ही कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पर पहुंचना होगा। सुबह आठ बजे सबसे पहले बैलेट पेपर की मतगणना होगी। इसके बाद ईवीएम की मतगणना शुरू की जाएगी। काउंटिग रूम में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरा प्रतिबंध रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश चंबा सुदेश मोख्टा ने बताया कि 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना को लेकर सभी तैैयारियां पूरी कर ली गई है। बहु तकनीकी कॉलेज सरोल के गेट में किसी भी पार्टी के कार्यकर्त्ता और आम लोगों का प्रवेश वर्जित होगा। उन्होंने कहा कि 450 कर्मचारी मतगणना का जिम्मा संभालेंगे। हर राउंड के बाद डीपीआरओ माइक के जरिये नतीजों की घोषणा करेंगे।