चंबा। परिवहन निगम चंबा की कार्यशाला स्टाफ की कमी से जूझ रही है। हालात यह हैं कि सिर्फ 25 प्रतिशत ही स्टाफ कार्यशाला में मौजूद है। सिर्फ एक इलेक्ट्रीशियन है जबकि टायरमैन के छह पदों में से एक ही पद भरा हुआ है। एक हेल्पर टायर बदलने में सहयोग कर रहा है। कर्मशाला में विभिन्न श्रेणियों के 218 पद स्वीकृत हैं लेकिन मात्र 51 पदों पर ही कर्मचारी तैनात हैं जबकि अन्य 167 पद खाली हैं। हालांकि, निगम प्रबंधन की ओर से कई बार सरकार को अवगत करवाया गया है लेकिन आज दिन तक इन पदों पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती नहीं की गई है। बस डिपो में 165 बसें करीब 180 रूटों पर दौड़ रही हैं लेकिन कार्यशाला में पर्याप्त स्टाफ की कमी से कई बार रूट भी प्रभावित हो जाते हैं। यहां तक कि अधीक्षक, ऑडिटर समेत अन्य पद भी खाली हैं।
राज्य कार्यकारिणी के प्रांतीय उप प्रधान ओम शंकर का कहना है कि सरकार को इसके बारे में कई बार अवगत करवाया गया है लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक इन पदों को नहीं भरा गया है। आरएम शुगल सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। रिक्त पदों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द सरकार की ओर से रिक्त पदों को भरा जाएगा।