बनीखेत (चंबा)। भरमौर-पठानकोट उच्च मार्ग पर बनीखेत बस अड्डे में एनएच की ओर से लगवाए गए आरसीसी ड्रेन कवर का आधा-अधूरा कार्य हादसे की वजह बन सकता है। आलम ये है कि अधूरे छोड़े गए कार्य के चलते नाली में रखे ड्रेन कवर कुछ जगह से टूट गए हैं जबकि, कुछ कवर नाली में जा गिरे हैं। एनएच ने बनीखेत बस स्टैंड के कार्यालय के साथ नाली के ऊपर आरसीसी ड्रेन कवर लगाए हैं। इनको लगाए अभी एक सप्ताह नहीं हुआ है और ये ड्रेन कवर उखड़ने लग पड़े हैं। वहीं, कुछ वाहनों की वजह से टूट रहे हैं।
विकास कुमार, अशोक कुमार, काका, रवि कुमार और अभिषेक ने बताया कि कुछ दिन पहले बस अड्डे के साथ पथ परिवहन निगम बस ठहराव के समीप नाली पर आरसीसी ड्रेन कवर का कार्य कराया गया है। इसका कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। लोगों ने बताया कि आरसीसी ड्रेन कवर को पक्का करने के लिए कवर के दोनों ओर से बजरी सीमेंट डालना पड़ता है, जिससे ड्रेन कवर में पकड़ आती है और वे अपनी जगह से हिलते नहीं हैं। जिस ठेकेदार ने इस कार्य को किया है, उसने कवर के एक छोर से दूसरे छोर तक सीमेंट बजरी डालना मुनासिब नहीं समझा है। वहीं दूसरी ओर कुछ हिस्से में बजरी डाली गई है, तो वहीं आधे हिस्से में बजरी ही नहीं डाली गई है। इससे ड्रेन कवर टूट रहे हैं। कवर के दोनों ओर सही प्रकार से कार्य नहीं किया गया है। लोगों ने बताया कि कार्य को बंद हुए पांच दिन बीत चुके हैं। लोगों ने एनएच प्रबंधन से आग्रह किया है कि ड्रेन कवर का कार्य सही से कराया जाए। एनएच विभाग के सहायक अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। जल्द कार्य पूरा किया जाएगा।