भरमौर और पांगी की चोटियों पर फिर शुरू हुई बर्फबारी
ऊपरी चोटियों में बर्फबारी के बाद निचले क्षेत्रों में बढ़ी कंपकंपी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में मौसम खुलने का नाम नहीं ले रहा है। जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों में दोपहर बाद रुक-रुक कर बर्फबारी का क्रम फिर से शुरू हो गया है। वहीं, जिले के निचले क्षेत्रों में पूरा दिन भर आसमान में धूप और बादल छाने का क्रम जारी रहा। ऊपरी चोटियों में बर्फबारी शुरू होने से निचले क्षेत्रों में एक बार फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
जिले में चार दिन के बाद कुछ हद तक जिंदगी पटरी पर लौटती तो दिखी, लेकिन एक बार फिर से जिले की ऊपरी चोटियों में बर्फबारी ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। जिले के पांगी क्षेत्र में आधा दर्जन लिंक मार्गों सहित दर्जन भर अन्य मार्ग यातायात के लिए बाधित हैं। हालांकि, जिले के अमूमन मुख्य मार्गों को लोनिवि ने यातायात के लिए मंगलवार देर शाम तक सुचारु करवा दिया गया। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मुख्य मार्गों को यातायात के लिए सुचारु करने के कार्य में जुटी रही। वहीं, चंबा-जोत-चुवाड़ी मार्ग, सलूणी-लंगेरा सहित लिंक मार्ग अभी भी यातायात के लिए सुचारु नहीं हो पाए। चंबा-भरमौर मार्ग पर मंगलवार की सुबह तक लाहल तक बसों की आवाजाही जारी थी, लेकिन दोपहर बाद लाहल के पास पहाड़ी दरकने से सड़क यातायात के लिए छोटी गाड़ियों के लिए भी बंद पड़ गई।