चंबा। पर्यटन नगरी खज्जियार की सीमा पर वसूले जाने वाले कर में अचानक की गई बढ़ोतरी ने चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी है। वाहन चालकों ने बताया कि वर्तमान में उनसे 100 और 200 रुपये प्रवेश कर वसूला जा रहा है। जबकि छह माह पहले यहां प्रवेश कर मात्र 30 से 50 रुपये था। ऐसे में अचानक प्रवेश शुल्क में की गई बढ़ोतरी से चालकों में खासा रोष है।
गौरतलब है कि पर्यटन नगरी खज्जियार में हर वर्ष जून-जुलाई के महीनों में बाहरी राज्यों से हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। खज्जियार के आसपास की सुंदर पहाड़ियों और मनमोहक नजारे देखने के लिए रोजाना अमूमन 1500 से लेकर 2000 वाहन चालक खज्जियार की सीमा में दाखिल होते हैं। ऐसे में बीते छह माह के भीतर ही खज्जियार में अचानक की गई बढ़ोतरी से चालकों की जेब पर बोझ पड़ रहा है।
वहीं, विभागीय अधिकारियों की माने तो साडा की बैठक में लिए गए निर्णय बाद ही वर्ल्ड लाइफ सेंक्चुरी एरिया खज्जियार के टोल टैक्स बैरियर में प्रवेश कर शुल्क की राशि को बढ़ाया गया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करतार ठाकुर, राजीव कुमार, कन्हैया राम, प्रमोद कुमार, दलीप कुमार, संजय कुमार, योगराज, संजय कुमार, कपिल कुमार और प्रताप चंद का कहना है कि खज्जियार टैक्स बैरियर पर अचानक प्रवेश शुल्क में बढ़ोतरी की गई जो सरासर गलत है। वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ निशांत मढोत्रा ने बताया कि साडा की बैठक में खज्जियार एंट्री टैक्स बैरियर में वाहनों से टैक्स के रूप में ली जाने वाली राशि में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है।