किहार (चंबा)। दशकों से सड़क का इंतजार कर रही ग्राम पंचायत किलोड़ और सूरी के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। इन पंचायतों को जोड़ने के लिए सड़क का निर्माण जल्द ही शुरू होगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग सलूणी ने टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।
कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद टेंडर ठेकेदार को आवंटित कर दिया जाएगा। इन पंचायतों को जोड़ने के लिए मेड़ा से जखराल के लिए करीब 11 किलोमीटर नौ सौ मीटर की सड़क का निर्माण होगा।
इसके साथ ही डडोह से त्रिभोल के लिए भी संपर्क मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क का निर्माण होने से इन दो पंचायतों के गांवों पिछलुई, मसोगा, सूरी, भगोता, पिछला, भंजवाड़, निमाण, बंजली, चंबडेऊ, जखराल और तलाई की करीब पांच हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि इन पंचायतों को सड़क से जुड़ने का इंतजार अब कम होता दिख रहा है। सड़क के अभाव में जहां ग्रामीणों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है तो वहीं दूसरी तरफ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी परेशानियां पेश आ रही हैं। ग्रामीणों की मानें तो सबसे ज्यादा दिक्कत तब आती है जब पंचायत के इन गांवों में कोई बीमार पड़ जाता है।
बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को पालकी में डालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। इसके चलते कई बार रास्तें मरीज दम तोड़ जाता है। सड़क से जुड़ने के बाद जहां ग्रामीणों का सफर आसान हो जाएगा तो वहीं इन पंचायतों में विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी।
इसके अलावा किसानों और बागवानों को भी फसलें मंडी तक पहुंचाने में परेशानी नहीं आएगी। वहीं दूसरी ओर इस मामले को लेकर अमर उजाला में सात जनवरी के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया है।
लोक निर्माण विभाग सलूणी के अधिशाषी अभियंता अरूण पठानिया ने कहा कि मेड़ा से जखराल के लिए सड़क निर्माण की सभी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सड़क निर्माण से दो पंचायतों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही डडोह से त्रिभोल के लिए भी सड़क पहुंचाई जाएगी।