चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार को विस क्षेत्र डलहौजी के अधीन आने वाले क्षेत्रों में दबिश देकर केमिस्टों का रिकॉर्ड खंगाला। ड्रग इंस्पेक्टर नरेंद्र ठाकुर की अगुवाई में की गई कार्रवाई में विभिन्न दवाई की दुकानों से 13 दवाओं के सैंपल भरे गए। इन सैंपलों को विभाग की कंडाघाट लैब में भेजा जाएगा। यहां पर दवाइयों की गुणवत्ता जांची जाएगी। जांच के दौरान अगर सैंपल फेल होता है तो संबंधित केमिस्ट और दवा निर्माता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य टीम ने कार्रवाई करते हुए हिमगिरी, सुखधार, किहार और सुरंगानी में दवाई बेचने वाले केमिस्टों का रिकॉर्ड जांचा। इस दौरान दुकानों में दवाई के क्रय-विक्रय से लेकर सभी दस्तावेज जांचे गए। इसके साथ में यह भी जांचा गया कि केमिस्ट सरकार की प्रतिबंधित की गई दवाइयों को तो नहीं बेच रहे हैं। इस दौरान कोई भी केमिस्ट ऐसा नहीं पाया गया जोकि प्रतिबंधित दवाएं बेच रहा हो।
ड्रग इंस्पेक्टर को लंबे समय से उपरोक्त क्षेत्रों में दवाईयों संबंधित शिकायतें मिल रही थी। उन्हीं शिकायतों के आधार पर ड्रग इंस्पेक्टर ने टीम को लेकर यह कार्रवाई की। स्वास्थ्य टीम को मौके पर देख कई झोलाछाप बोरिया बिस्तर समेट फरार हो गए। ड्रग इंस्पेक्टर नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उपरोक्त क्षेत्रों में विभिन्न केमिस्टों की दुकानों से 13 दवाओं के सैंपल भरे गए हैं। इनकी गुणवत्ता की जांच कंडाघाट की लैब में होगी। लैब की रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।